देश

गोलीबारी की घटना: शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भाजपा के बीच विवाद का कारण कल्याण लोकसभा सीट

गोलीबारी की घटना: शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भाजपा के बीच विवाद का कारण कल्याण लोकसभा सीट

मुंबई: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में गोलीबारी की घटना ने कल्याण में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिवसेना के बीच बढ़ते तनाव को सामने ला दिया है, क्योंकि दोनों दलों की नजर इस लोकसभा क्षेत्र पर है. फिलहाल कल्याण लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे श्रीकांत शिंदे कर रहे हैं. शिवसेना और भाजपा राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में साझेदार हैं, लेकिन मुख्यमंत्री शिंदे के गढ़ ठाणे जिले के कल्याण निर्वाचन क्षेत्र में दोनों दलों के रिश्ते तनावपूर्ण हैं.

यह भी पढ़ें

कल्याण से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड ने शुक्रवार की रात उल्हासनगर के पुलिस थाने में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के कक्ष के अंदर महेश गायकवाड को गोली मारकर घायल कर दिया, जिससे राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया. महेश, कल्याण में शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के प्रमुख हैं.

पुलिस के मुताबिक, गणपत गायकवाड का बेटा शुक्रवार शाम को जमीन विवाद के सिलसिले में शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने गया था, तभी महेश गायकवाड अपने लोगों के साथ वहां पहुंचे. इसके बाद गणपत गायकवाड भी थाने पहुंचे.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विधायक और शिवसेना नेता के बीच बहस हो गई और गणपत गायकवाड ने वरिष्ठ निरीक्षक के कक्ष के अंदर महेश गायकवाड पर गोलियां चला दीं, जिससे वह और महेश के एक सहयोगी राहुल पाटिल घायल हो गए.

अपने कृत्य का बचाव करते हुए गणपत गायकवाड ने कहा कि उन्होंने बंदूक का इस्तेमाल तब किया, जब उनके बेटे को पुलिस थाने में पीटा जा रहा था. उन्होंने एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि शिंदे के मुख्यमंत्री रहने पर महाराष्ट्र में सिर्फ अपराधी पैदा होंगे. राज्य के गृह विभाग का प्रभार भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस के पास है, जिन्होंने गोलीबारी की घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

यह भी पढ़ें :-  पशुपति पारस और उपेंद्र कुशवाहा का NDA छोड़ना आत्मघाती होगा : BJP

गणपत गायकवाड ने अपनी गिरफ्तारी से पहले मराठी समाचार चैनल ‘जी24तास’ को फोन पर बताया, ‘‘शिंदे साहब ने उद्धव (ठाकरे) को धोखा दिया. वह भाजपा को धोखा देंगे.” उन्होंने कहा कि अगर महाराष्ट्र को अच्छी तरह से प्रबंधित करना है, तो शिंदे को इस्तीफा दे देना चाहिए.

 

(इस खबर को The Hindkeshariटीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

Show More

संबंधित खबरें

Back to top button